Tuesday, July 24, 2012

बौद्ध सर्किट में शामिल होगा लखीसराय

Jul 20, 06:37 pm
लखीसराय: अगर सबकुछ ठीक ठाक रहा तो अब लखीसराय जिला भी बौद्ध सर्किट से जुड़ जाएगा। गौतम बुद्ध ने यहां तीन वर्षो तक प्रवास किया था। इन दौरान के चिन्हित प्रवास स्थलों को अब पर्यटन स्थल बनाने की सरकारी पहल शुरू कर दी गई है।
विधान पार्षद के 170वें सत्र में विधान पार्षद बासुदेव सिंह द्वारा पूछे गए सवाल के आलोक में पर्यटन विभाग के उप सचिव हासिम खां ने पत्रांक 2017, 27 जून 2012 द्वारा जिलाधिकारी को पत्र भेज गौतम बुद्ध के प्रवास वाले स्थान के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है। गौतम बुद्ध ने जिले में लय की पहाड़ी, शिवडीह, पूनाडीह, वेणुवन व वृंदावन की पहाड़ियों पर तीन वर्षो तक अलग-अलग समय पर प्रवास किया था। जिसकी स्मृति चिन्ह, छोटी-छोटी मूर्तियां व पहाड़ी पर तपस्या स्थल के अवशेष आज भी मौजूद हैं। ऐसे चिन्हित स्थलों को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने के लिए अपने मंतव्य के साथ डीएम को शीघ्र सूचना देने को कहा गया है। इसके तहत स्थल के नाम, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व, पर्यटकों की संख्या, आवागमन की सुविधाएं, भूमि की उपलब्धता, पर्यटकों की सुविधाओं के विकास तथा स्थल के सौंदर्यीकरण की आवश्यकता व उसपर अनुमानित प्राक्कलित राशि का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विदित हो कि पाली साहित्य के जाने-माने विद्वान नासिक (महाराष्ट्र) जिले के इग्गतपुरी स्थित विपस्यना शोध संस्थान के निदेशक डॉ. अंगराज चौधरी ने भी अपने कई ग्रंथों में इस क्षेत्र से भगवान बुद्ध के विशेष लगाव का जिक्र किया है। भगवान बुद्ध ने वकुल यक्ष से प्रभावित उरैन क्षेत्र में आकर अपने उपदेश से वकुल यक्ष को शिष्य बनाकर लोगों को उसकी प्रताड़ना से मुक्ति दिलाई थी। इस दौरान सिंघौल, लय, पवई, उरैन, वृंदावन, रजौना चौकी, शिवडीह, पूनाडीह, वेणुवन, बेलथुआ, पोखरामा, अरमा, सहूर, सिंगारपुर, नंदपुर, बुधौली बनकर आदि स्थानों का भ्रमण कर गौतम बुद्ध ने लोगों को उपदेश एवं दीक्षा प्रदान किया था। क्षेत्र में आज भी भगवान बुद्ध व बौद्ध धर्म से जुड़े अवशेष क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर बिखरे पड़े हैं। लय गांव में स्तूप के तोड़े गए पिलर के टुकड़े, बेलथुआ गांव स्थित तालाब किनारे भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण की शिलालेख युक्त मूर्ति एवं एक चतुर्मुख शिवलिंग मौजूद है। पोखरामा गांव स्थित ठाकुरबाड़ी में भगवान बुद्ध से संबंधित दर्जनों मूर्तियां और उरैन पहाड़ी पर बौद्ध मठ स्तूप के अवशेष आज भी मिले हैं।
Source:- Jagran

Tuesday, July 3, 2012

लखीसराय १8वा स्थापना दिवस -3 जुलाई २०१२

लखीसराय १8वा स्थापना दिवस -3 जुलाई २०१२

 
स्थापना दिवस पर होने वाले कार्यक्रम

- प्रगति मार्च - सुबह 5:30 बजे - केआरके मैदान से समाहरणालय।

- वृक्षारोपण - सुबह 8:30 बजे - गांधी मैदान परिसर में।

- साइकिल रेस - सुबह 9:00 बजे - अधिकारियों का 100 मीटर।

- साइकिल रेस - 9:30 बजे - छात्र-छात्राओं का 100 मीटर।

- वाद-विवाद व पेंटिंग - सुबह 10 बजे - डीआरडीए सभागार।

- सेमिनार - सुबह 11 बजे - डीआरडीए सभागार।

- कबड्डी बालक/बालिका - 3 बजे - गांधी मैदान।

- वालीबाल (बालिका) - 4:30 बजे - गांधी मैदान।

- ताइक्वांडों - 4:00 बजे - गांधी मैदान।

- स्मारिका का विमोचन - 6:00 बजे - केआरके मैदान।

- पुरस्कार वितरण - 6:30 बजे - केआरके मैदान।

- सांस्कृतिक कार्यक्रम - 7:00 बजे - केआरके मैदान।

Tuesday, June 26, 2012

कृष्णदेव सिंह उर्फ झूना दा का निधन

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष का निधन
Jun 16, 08:00 pm

पिपरिया (लखीसराय), संसू. : सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के चंदनपुरा पंचायत अंतर्गत मानो ग्रामवासी व पूर्व जिला भाजपाध्यक्ष कृष्णदेव प्रसाद सिंह उर्फ झूना दा (76) का निधन शुक्रवार की देर रात में हो गया। वे छह माह से बीमारी से पीड़ित थे। इनके निधन की खबर सुनते ही भाजपा व जदयू के नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गयी। उनके पार्थिव शरीर को देखने के लिए इलाके के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय विधायक प्रेम रंजन पटेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता व वयोवृद्ध प्रसिद्ध नारायण सिंह, जिला भाजपाध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता, जदयू जिलाध्यक्ष रासपति पांडेय, जिला परिषद सदस्य कर्मी देवी, पूर्व मुखिया वीरेन्द्र सिंह, शशि भूषण प्रसाद सिंह, सीताराम सिंह, मोहन सिंह, सूर्यगढ़ा प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह, भाजपा के सुधांशु प्रसाद सिंह, गणेश सिंह, कैलाशपति शर्मा, श्याम सुंदर प्रसाद सिन्हा ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए शोक प्रकट किया। उक्त लोगों ने कहा कि इनके निधन से पार्टी को भारी क्षति पहुंची है। इसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती है। इनके पार्थिव शरीर को श्री गोविंद उच्च विद्यालय परिसर में लाया गया। जहां प्रभारी गणेश प्रसाद सिंह सहित शिक्षकों ने पुष्पांजलि अर्पित की। उनका दाह संस्कार शनिवार को मरांची गंगा घाट पर किया गया। उनके एक मात्र पुत्र संजय कुमार ने मुखाग्नि दी।
फील्ड मार्शल के नाम से प्रसिद्ध थे झूना दा
Jun 23, 06:35 pm

लखीसराय, जाप्र. : फील्ड मार्शल, मुखिया जी, जेपी आंदोलन का अप्रतिम योद्धा, क्रांति का अग्रदूत आदि कई उपनामों से जिले में चर्चित पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्यगढ़ा के मानो निवासी कृष्णदेव सिंह उर्फ झूना दा आजीवन दल के प्रति समर्पित रहे। जुझारूपन प्रवृति एवं जमीनी तौर पर दल के लिए कार्य करने के लिए प्रदेश स्तर स्तर पर उनकी एक अलग पहचान बनी। यही कारण है कि 15 जून को उनके निधन होने पर भाजपा सहित क्षेत्र के आम लोग काफी मर्माहत हुए। 26 जून 12 को ब्रहमभोज सह प्रीतिभोज पर पार्टी के कई वरीय नेताओं सह मंत्रीगण उनके श्राद्धकर्म में भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने उनके पैतृक गांव मानो आ रहे हैं। उनके पुत्र संजय सिंह सहित शोकाकुल परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाते हुए शोक से उबरने की क्षेत्रीय लोग ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

Tuesday, June 12, 2012

निरक्षर नहीं है लखीसराय नगर परिषद का कोई पार्षद

Jun 10, 06:47 pm
लखीसराय, जाप्र. : नगरपालिका चुनाव में कई वार्डो से भले ही कुछ दबंग व बाहुबली जीत कर आए लेकिन वोटरों के लिए राहत की बात यह है कि उसका कोई भी जनप्रतिनिधि निरक्षर नहीं है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता साक्षर तो है ही। ऐसे में शहर की जनता के हित में कोई भी फैसला लेने के पहले जरूरी दस्तावेज को वे पढ़ लिख सकेंगे। नगर परिषद लखीसराय के चुनाव के बाद वार्ड पार्षदों का चुनाव आयोग के पास संपूर्ण ब्योरा भेज दिया गया है। इसमें एक बिंदु शैक्षणिक योग्यता का भी है। रिपोर्ट के अनुसार नगर परिषद लखीसराय के निर्वाचित सभापति शशि देवी पांडेय साक्षर महिला है तो उप सभापति अरविंद पासवान भी साक्षर हैं। जबकि नगर पंचायत बड़हिया में निर्वाचित अध्यक्ष बसंती देवी मैट्रिक पास है तो उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह इंटर पास है। हालांकि बड़हिया में वार्ड नंबर एक से नन्हकी देवी एकमात्र निरक्षर पार्षद हैं। नगर परिषद लखीसराय के 33 निर्वाचित पार्षदों में 15 पार्षद साक्षर, 10 मैट्रिक पास, 6 इंटर पास है। जबकि वार्ड नंबर छह से निर्वाचित कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सबसे अधिक एमएससी पढ़े हुए हैं तो दूसरे स्थान पर वार्ड नंबर 27 से पार्षद बालकृष्ण वर्मा बी.ए. पास हैं। वार्ड पार्षद देवकी देवी, जोगी ठाकुर, शशि देवी पांडेय, सोनी देवी, पुतुल देवी, कमली देवी, जानकी देवी, प्रमिला देवी, रंजीत राम, नीलम देवी, अरविंद पासवान, साधना देवी, मथुरा प्रसाद, रेणु देवी एवं रेखा देवी साक्षर पार्षद है। विदित हो कि नगर परिषद एवं नगर पंचायत में बड़ी संख्या में महिला पार्षद जीतकर आई हैं और कुल मिलाकर नगर सरकार की कमान आधी आबादी के हाथों में ही है। 
Source:- Jagran

Friday, June 1, 2012

आईए नदी बचाने का आज लें संकल्प.

May 29, 07:21 pm
लखीसराय, जागरण कार्यालय : नदी प्रकृति का ऐसा उपहार है जिसका और कोई दूसरा विकल्प जलश्रोत के मामले में नहीं हो सकता है। धार्मिक दृष्टिकोण की महत्ता से अलग हटकर भी देखें तो नदी कई मायने में विकास का भी द्योतक है। फिर भी आज नदियां क्यों हमसे दूर चली जा रही है? आज संकल्प लेने की जरूरत है हर नागरिकों को, ताकि यदि एक आदमी खड़ा होता है इस अभियान को लेकर तो एक फौज खड़ी हो सकती है नदियों के अस्तित्व को बचाने के लिए। बस थोड़ी सी यदि जागरूकता आ जाए तो गांव और शहर क्या घर-घर से निकलेंगे लोग नदी को बचाने के लिए। लखीसराय जिले में गंगा सबसे बड़ी नदी है। इसके बाद हरूहर फिर किऊल नदी की बारी आती है। सूर्यगढ़ा के कुछ क्षेत्र में गरखे नदी है। दुर्दशा की बात करें तो सबकी हालत एक जैसी है। अब हमें अभियान के तहत यह सोचना होगा कि आखिर कैसे ये नदियों सुरक्षित और संरक्षित रह पाएगी। आखिर क्यों नहीं इसे लेकर जागरूकता कार्यक्रम समाज के अंदर शुरू करें और नुक्कड़ सभा कर लोगों को प्रेरित करें कि खुद से नदियों की देखभाल कर उसकी गंदगी को दूर करें हम। सच में यदि एक आदमी के शुरू करने से यदि यह समाज की आवाज बन जाती है तो वह दिन दूर नहीं जब इस जिले की नदियां भी प्रदूषण मुक्त होगी। और जब नदी स्वच्छ होगी तो मानव, पशु, जलचर भी स्वस्थ होंगे फिर एक ऊर्जावान समाज उस नदी पर नाज करेगा जिसके लिए उसने अपनी आवाज उठाई।
Source:- Jagran

Tuesday, May 15, 2012

अशोकधाम मंदिर राष्ट्रीय सूची में शामिल

लखीसराय, जाप्र. : जिले का प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोकधाम का नाम भारत के गौरवशाली मंदिरों की श्रेणी में अंकित कर लिया गया है। छह मई को नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय मंदिर संचालन समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उक्त बैठक में अशोक धाम मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्राधिकृत प्रतिनिधि विहिप के जिलामंत्री डा. सुरेन्द्र कुमार ने दिल्ली से लौटने के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आयोजित सम्मेलन में मंदिरों के सरकारी अधिग्रहण, मंदिरों के दर्शन पर टिकट, हिन्दू मंदिरों के आय को गैर हिन्दुओं पर व्यय करना आदि मुद्दों का विरोध किया गया। आगामी 17, 18 एवं 19 अगस्त 2012 को अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार से एकमात्र इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोकधाम के प्रतिनिधि के रूप में डा. सुरेन्द्र भाग लेंगे।
Source:- Jagran

Monday, April 23, 2012

दर्जनों गांव पेयजल संकट की चपेट में

गांवों में पेयजल की किल्लत
कजरा (लखीसराय), संसू. : बढ़ती गर्मी व पछुआ हवा के थपेड़ों से कजरा के दर्जनों गांवों में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जिसमें खासकर उरैन, चंपानगर, धबोखर, मंझियावा, आजाद नगर मुसहरी, नवकाडीह, खैरा, श्री किशुन कोड़ासी सरीखे गांवों में पेयजल के साथ पशुपालकों को पानी की किल्लत परेशान कर रही है। उक्त गांवों के लगभग सभी तालाबों की तलों में दरारें पड़ गई हैं तथा कुआं और चापाकलों की स्थिति खराब है। हालांकि बुधौली बनकर, अलीनगर, श्री किशुन तथा मदनपुर पंचायत में पीएचईडी की जलापूर्ति योजना का कार्य चल रहा है। लेकिन मंद चल रहे निर्माण से इस गर्मी में इस योजना का लाभ शायद ही मिल सके। पिछले साल गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा टैंकरों से उक्त गांवों में जलापूर्ति की गई थी लेकिन भीषण गर्मी व पेयजल संकट के बावजूद जिला प्रशासन लोगों की इस गंभीर होती समस्या की नोटिस नहीं ले रहा है। 
Source:- Jagran